एक पत्रकार ने समाचार चैनल लाइव टाइम्स (LIVE TIMES) पर मेहनताना न देने का आरोप लगाया है. इनका नाम राहुल कुमार है. राहुल ने लाइव टाइम्स में बीते जून महीने में नौकरी शुरू की थी. उन्हें पत्रकार दीपक चौरसिया के शो ‘खबर ठोक के’ को बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.
हालांकि वह ज्यादा समय तक चैनल के साथ जुड़े नहीं रह सके. 3 महीने में ही उन्होंने नौकरी छोड़ दी. उनके अनुसार, प्रोबेशन पीरियड के बावजूद उन्होंने पेशेवर तरीके से नोटिस पीरियड पूरा किया और 22 सितंबर 2025 को दफ्तर में उनका आखिरी दिन था.
उनका आरोप है कि कनौडिया ग्रुप की ओर से संचालित लाइव टाइम्स 80 दिन बीत जाने के बावजूद उनका मेहनताना देने के बजाय सिर्फ टालमटोल करने में जुटा है. राहुल कुमार ने इस संबंध में मीडिया के मुद्दे उठाने वाली वेबसाइट bhadas4media को एक लंबा पत्र लिखा है.
पत्र में ये आरोप लगाया
उनका आरोप है, ‘काफी मिन्नतों और बार-बार याद दिलाने के बाद संस्थान ने मुझे फुल एंड फाइनल का मेल भेजा, जिसमें पहले तो संस्थान की तरफ से मेरे 22 कामकाजी दिनों पर सवाल उठाया और करीब एक हफ्ते की सैलरी डकारनी चाही. मेरे आपत्ति दर्ज कराने के बाद जैसे तैसे 21 दिनों का वेतन देने पर राजी हुए, वो भी मेरे तीन महीने के दौरान किसी भी PL का भुगतान किए बिना, हालांकि मैंने उस पर भी अपनी सहमति जता दी लेकिन अब इस संस्थान का प्रबंधन मुझे इन 21 दिनों का भुगतान करने में भी हीलाहवाली कर रहा है.’
आश्वासन देकर टाल दिया गया
पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है, ‘मुझे आए दिन आज कल का आश्वासन देकर टाल दिया जाता है, हाल ही में मेरे परिवार में स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें आईं, पैसों की काफी जरूरत की वजह से मैंने तमाम मिन्नतें की, लेकिन फिर भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया.’
पत्र में उन्होंने आगे कहा, ‘हालांकि मैं ऐसा पहला शख्स नहीं हूं, इनके बारे में पता करने पर मालूम हुआ कि ये संस्थान कर्मचारी के छोड़ने पर उसके हक की कमाई पर ऐसे ही डकैती डालता आया है. बहुत से लोग हफ्ते 10 दिन की सैलरी छोड़कर उलझना नहीं चाहते, लेकिन मैं अपनी मेहनत का एक रुपया ऐसे डकैतों को हजम नहीं करने देना चाहता.’
bhadas4media को भेजे गए राहुल के पत्र को पूरा पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें




