बिहार: Mob Lynching में घायल व्यक्ति की मौत, पत्नी ने कहा- आरोपियों ने पैंट खोलकर धर्म चेक किया था

मृतक अतहर हुसैन. (फोटो साभार: यूट्यूब वीडियोग्रैब)

SHARE:

समाचार सुनो

Mob Lynching in Bihar: मॉब लिंचिंग में गंभीर रूप से घायल हुए अतहर हुसैन का शुक्रवार (12 दिसंबर) देर रात बिहार शरीफ सदर अस्पताल में निधन हो गया. उनके साथ मॉब लिंचिंग की घटना बिहार के नवादा​ जिले के रोह थानाक्षेत्र में हुई थी.

अतहर की मौत के बाद उनकी पत्नी शबनम परवीन ने अपने बच्चों के साथ न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने आरोप लगाया है, ‘मेरे शौहर की सिर्फ इस वजह से जान ले ली गई, क्योंकि उनका धर्म अलग था. पैंट खोलकर ये चेक किया गया कि वे किस धर्म से हैं. हाथ तोड़ दिए गए, कान काट दिए गए, करंट लगाया गया और बेरहमी से पीटा गया. हमें न प्रशासन का साथ मिला और न ही इंसाफ मिला है, हमें न्याय चाहिए.’

जान-बूझकर अपराधी दिखाने की कोशिश

समाचार वेबसाइट एबीपी लाइव की रिपोर्ट के अनुसार, शबनम में बीते 6 दिसंबर की रात को रोह थाने में पति के साथ हुई मॉब लिंचिंग की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई थी. उनका आरोप है कि इससे पहले उस दिन सुबह अतहर पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर एक एफआईआर दर्ज की गई थी.

शबनम ने आरोप लगाया कि उनके पति को जान-बूझकर अपराधी दिखाने की कोशिश की गई, जबकि सच्चाई यह है कि उन्हें नाम और धर्म पूछकर निशाना बनाया गया. घटना के बाद प्रशासन की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला.

अमानवीयता की हदें पार

शबनम अनुसार, बीते 5 दिसंबर को उनके पति अतहर डुमरी गांव से लौट रहे थे, तभी भट्टा गांव के पास 6 से 7 नशे में धुत युवकों ने उन्हें रोक लिया. पहले घर का पता पूछा गया, फिर नाम. जैसे ही उन्होंने अपना नाम मोहम्मद अतहर हुसैन बताया, युवक भड़क गए. उन्हें जबरन साइकिल से उतार लिया गया, पैसे लूटे गए और हाथ-पैर बांधकर एक कमरे में घसीटकर ले जाया गया.

रिपोर्ट के अनुसार, परिजनों का आरोप है कि कमरे में अतहर के साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी गईं. पैंट खोलकर ये जांच की गई कि वे किस धर्म के हैं. निजी अंगों पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई. लोहे की रॉड गर्म कर शरीर दागा गया, उंगलियां तोड़ दी गईं, कान काट दिए गए और प्राइवेट पार्ट में करंट लगाया गया.

चार लोग गिरफ्तार

छोटे भाई मोहम्मद चांद ने सवाल उठाया कि क्या बिहार में मुसलमानों को रहने का अधिकार नहीं है. क्या सिर्फ धर्म देखकर ही कार्रवाई होती है. अतहर के बेटे इस्तेखार हुसैन ने कहा कि हमें सिर्फ न्याय चाहिए. यह मामला नवादा में बढ़ती मोब लिंचिंग की घटनाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है.

रोह थाना प्रभारी रंजन कुमार के मुताबिक, इस मामले में अब तक चार आरोपियों सोनू कुमार, रंजन कुमार, सचिन कुमार और श्रीकुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. हालांकि, परिजन इस कार्रवाई को नाकाफी बता रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *