जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में बीते 24 घंटे के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में कुकी समुदाय पांच लोगों की हत्या के मामले सामने आए हैं. रविवार को सेनापति जिले में कुकी-ज़ो समुदाय के दो लापता युवकों के शव बरामद मिले हैं, जबकि एक दिन पहले शनिवार को नोनी जिले में अज्ञात सशस्त्र उपद्रवियों के साथ हुई गोलीबारी में कुकी-ज़ो समुदाय के तीन पुरुषों की मौत हो गई.
ये हत्याएं तब हुई हैं, जब बीते 31 अक्टूबर को राजधानी इम्फाल में मेईतेई संगठनों ने, जिन्हें नगा समुदाय के लोगों का समर्थन प्राप्त था, एक रैली निकाली और कुकी-ज़ो सशस्त्र समूहों के साथ हुए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO) समझौते को रद्द करने की मांग की थी.
2 लापता युवकों के शव मिले
मणिपुर के सेनापति जिले में रविवार (01 नवंबर) को सुरक्षा बलों ने कुकी-ज़ो समुदाय के दो लापता युवकों के शव बरामद किए. इससे एक दिन पहले नोनी जिले (Noney District) में इसी समुदाय के तीन लोगों की सशस्त्र उपद्रवियों के साथ हुई गोलीबारी में मौत हो गई थी.
मृतकों की पहचान 20 वर्षीय पाओगिनलाल हैंगसिंग (Paoginlal Hangsing) और 20 वर्षीय टिंगिनलुन चोंगलोई (Tinginlun Chongloi) के रूप में हुई है, जो 28 अक्टूबर को तापहो कुकी गांव (Taphou Kuki Village) से लापता हो गए थे. उनके शवों को कांगपोकपी (Kangpokpi) ले जाया गया, जहां उनकी मौत की पुष्टि के बाद तनाव काफी बढ़ गया है.
48 घंटे का बंद
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, उनके लापता होने के बाद सदर हिल्स की कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने उनकी तत्काल और सुरक्षित रिहाई की मांग करते हुए कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया था. रविवार को भी यह बंद जारी रहा.
मणिपुर पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार, दो युवकों के लापता होने के बाद कई तलाशी अभियान शुरू किए गए. शुरुआती तलाशी में मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और असम राइफल्स की संयुक्त टीमें शामिल थीं.
ये भी पढ़ें: मेईतेई और नगा समुदाय के लोगों ने रैली निकालकर सरकार को क्या संदेश दिया?
रविवार को मणिपुर पुलिस, कमांडो बटालियन फॉर रिजोल्यूट एक्शन (CoBRA), CRPF, असम राइफल्स और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की एक संयुक्त टीम ने सेनापति-फाइबुंग रोड (Senapati Phaibung Road) के किनारे, नेशनल हाईवे-2 के आसपास के इलाके में एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया था.
कांगपोकपी जिले में तनाव
समाचार वेबसाइट India Today NE की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना से 1 नवंबर को पूरे कांगपोकपी जिले में तनाव बढ़ गया, जिससे व्यापक विरोध-प्रदर्शन हुए और प्रदर्शनकारियों तथा सुरक्षा बलों के बीच टकराव की स्थिति बन गई.
शवों के मिलने से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. जब जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) शवों को कांगपोकपी जिला अस्पताल लाए, तो वहां लोग इकट्ठा हो गए. विरोध-प्रदर्शन तेज होने पर शवों को बाद में SP कार्यालय ले जाया गया.
तनाव बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के कई गोले दागे. प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-2 को भी जाम कर दिया, जिससे इलाके में आवाजाही बाधित हो गई.
तलाशी अभियान जारी
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि उन्होंने जरूरी कानूनी औपचारिकताएं और अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं. उन्होंने कहा कि हत्याओं के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए व्यापक तलाशी अभियान जारी रहेगा.
जिले में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बलों ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम भी उठाए हैं. इन मौतों से जुड़े हालात और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान अभी जांच के दायरे में है.
कुकी-जो समुदाय के 3 लोगों की हत्या
इससे पहले बीते शनिवार (31 अक्टूबर) को मणिपुर के नोनी जिले के नुंगबा (Nungba) सब-डिवीजन में केकरु नगा गांव (Kekru Naga Village) में अज्ञात सशस्त्र उपद्रवियों के साथ हुई गोलीबारी में कुकी-ज़ो समुदाय (Kuki-Zo Community) के तीन पुरुषों की मौत हो गई.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है, लेकिन गोलीबारी के कारण या इसमें शामिल लोगों की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
अपुष्ट खबरों के अनुसार, केकरु नगा गांव और आसपास के इलाकों में हथियारबंद उपद्रवियों द्वारा 48 घंटों तक रुक-रुक कर किए गए हमलों के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे गोलीबारी शुरू हुई, जो कई घंटों तक चलती रही.
तनाव बढ़ा
समाचार वेबसाइट असम ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों की पहचान थांगलेंसंग सिंगसन (Thanglensang Singson), थांगखोसेई हाओकिप (Thangkhosei Haokip) और लैमिनसंग किपगेन (Lamminsang Kipgen) के रूप में हुई है.
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि शनिवार की जानलेवा घटना से कई दिन पहले से ही आसपास के इलाकों में तनाव बढ़ रहा था. हालांकि, गोलीबारी से ठीक पहले क्या हुआ और हिंसा किस वजह से भड़की, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है.
सुरक्षा देने में विफल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कुकी जनजातियों का प्रतिनिधित्व करने वाली शीर्ष संस्था कुकी इनपी मणिपुर (KIM) ने इस घटना की निंदा की है. संगठन ने बताया कि मारे गए लोग गांव के स्वयंसेवक थे और इन हत्याओं के लिए NSCN-IM और ZUF(K) को जिम्मेदार ठहराया है.
संगठन ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि वे असुरक्षित कुकी-ज़ो समुदायों को पर्याप्त सुरक्षा देने में विफल रहे हैं. संगठन ने कहा कि सरकार को प्रभावित इलाकों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता जताते हुए संगठन ने न्याय और जवाबदेही की मांग की, साथ ही हिंसा को और बढ़ने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने को कहा.
मई 2023 से जारी है हिंसा
बीते सितंबर महीले में विधानसभा को बताया गया कि मई 2023 में मणिपुर में जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है और 49 लोग लापता हैं.
इस हिंसा के दौरान लगभग 60,000 लोग विस्थापित हुए थे, इनमें से 36,000 लोगों को फिर से बसा दिया गया है, जबकि 24,000 लोग अभी भी पूरे मणिपुर में बने राहत शिविरों में रह रहे हैं.



