केरल हाईकोर्ट ने क्यों कहा- लोकतंत्र में धरना, भूख हड़ताल और सत्याग्रह के लिए कोई जगह नहीं

(फोटो साभार: फेसबुक/Niyas Chulliyode)

SHARE:

समाचार सुनो

Kerala High Court on Dharna and Hunger Strike: केरल हाईकोर्ट की एक खंडपीठ ने एकल पीठ के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें एर्णाकुलम जिले के श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के कुछ निलंबित छात्रों को सेमेस्टर परीक्षाएं देने की अनुमति दी गई थी.

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने टिप्पणी की कि ‘संवैधानिक लोकतंत्र में धरना, भूख हड़ताल और सत्याग्रह जैसी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है और शैक्षणिक संस्थानों में तो बिल्कुल भी नहीं.’

इससे पहले एकल पीठ ने 16 निलंबित छात्रों को अपनी फीस भरने और परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति दे दी थी. केरल हाईकोर्ट की पीठ ने स्पष्ट किया कि इस अनुमति से छात्रों को कोई अधिकार या दावा नहीं मिलेगा और यह रिट याचिका के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा.

विरोध प्रदर्शन के बाद निलंबित

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ये छात्र CPI(M) के छात्र संगठन SFI (Students’ Federation of India) से जुड़े हैं. अगस्त में एक विरोध प्रदर्शन और नुक्कड़ नाटक के बाद इन्हें निलंबित कर दिया गया था.

आरोप है कि इस नाटक में कुलपति सिज़ा थॉमस का अपमान किया गया था. अपने आंदोलन के दौरान इन छात्रों ने विश्वविद्यालय में बेहतर बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं की मांग की थी.

जिन छात्रों ने उपस्थिति संबंधी अनिवार्य शर्तों को पूरा नहीं किया था, उन्होंने सेमेस्टर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मांगने के लिए एकल पीठ का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन विश्वविद्यालय ने 30 अक्टूबर को एकल पीठ के इस निर्देश के खिलाफ अपील दायर कर दी.

एकल पीठ ने गलती की

जस्टिस अनिल के. नरेंद्रन और जस्टिस एस. मुरली कृष्णन की केरल हाईकोर्ट की खंडपीठ ने बीते मंगलवार (03 नवंबर) को कहा कि एकल पीठ ने अपने आदेश में गलती की है, क्योंकि निलंबित छात्रों की ओर से ऐसा कोई सबूत पेश नहीं किया गया था, जिससे यह साबित हो सके कि वे सेमेस्टर परीक्षा में बैठने के योग्य हैं.

खंडपीठ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, अदालतें ऐसी कोई राहत नहीं दे सकतीं, जिसके लिए किसी प्राधिकरण को नियमों या कानूनी आवश्यकताओं के विपरीत काम करना पड़े.

अदालत ने माना कि छात्रों को नियमों को पूरा किए बिना परीक्षा में बैठने की अनुमति देना, कानूनी मानकों और विश्वविद्यालय द्वारा लागू किए गए अनुशासनात्मक कदमों, दोनों को कमजोर करेगा.


राजनीति की जगह नहीं

हाईकोर्ट के पिछले फैसलों का हवाला देते हुए खंडपीठ ने कहा, ‘हम यह कहना चाहेंगे कि संवैधानिक लोकतंत्र में धरना, भूख हड़ताल और सत्याग्रह जैसी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं है और शैक्षणिक संस्थानों में तो बिल्कुल भी नहीं. जो कोई भी किसी शैक्षणिक संस्थान में ऐसी गतिविधियों में शामिल होगा, उसे वहां से निकाला (Expelled) या निष्कासित (Rusticate) किया जा सकता है.’

इसमें कहा गया, ‘शिक्षण संस्थान शिक्षा देने के लिए होते हैं, न कि राजनीति के लिए. राजनीतिक दल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के चलते शिक्षण संस्थानों को बंधक नहीं बना सकते और न ही सभ्य छात्रों के शिक्षा पाने के अधिकार में बाधा डाल सकते हैं.’


शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखना

केरल हाईकोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि रिट याचिका में न्यूनतम उपस्थिति, आंतरिक परीक्षाओं को पास करने और विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार उपस्थिति की कमी को माफ करने के लिए आवेदन करने के संबंध में कोई दलील या सहायक सामग्री नहीं दी गई थी.

अदालत ने माना कि शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखना ज़रूरी है, विश्वविद्यालय के माहौल में राजनीतिक गतिविधियां नहीं चल सकतीं और निलंबन के बाद होने वाले परिणाम – जैसे कि परीक्षाओं में बैठने के लिए अयोग्य हो जाना – संस्था के नियमों के अनुसार लागू होने चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *