‘आदेश के ख़िलाफ़ लड़ूंगी’, जानिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा दो दोषियों को ज़मानत दिए जाने पर बिलकिस बानो ने क्या कहा

बिलकिस बानो. (तस्वीर AI की मदद से तैयार की गई है.)

SHARE:

समाचार सुनो

Gujarat Riots and Bilkis Bano Rape Case: साल 2002 के गुजरात दंगों के दौरान अपने साथ सामूहिक बलात्कार और अपने परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए दो लोगों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा ज़मानत दिए जाने की ख़बरों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिलकिस बानो ने कहा है कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि अदालत ने उनकी बात सुने बिना ही ऐसा आदेश दे दिया.

उन्होंने कहा, ‘मैं यह बयान तब दे रही हूं, जब दर्द, सदमे और अविश्वास के कारण मेरी आंखों से आंसू बह रहे हैं और मेरे लिए बोलना भी मुश्किल हो रहा है. मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि एक बार फिर, यानी दूसरी बार, सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बुलाए बिना और मेरी बात सुने बिना ही कोई आदेश जारी कर दिया है. मुझे इस बारे में मीडिया में आईं खबरों से पता चला.’


इंसानियत पर भरोसा

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, बिलकिस बानो ने अपनी वकील शोभा गुप्ता के ज़रिये जारी एक बयान में कहा, ‘तब मैं एक युवा थी, सिर्फ 19 साल की, जब मेरी दुनिया – मेरी नन्हीं बेटी, मेरा परिवार, मेरा घर और इंसानियत पर मेरा भरोसा – मुझसे बेरहमी से छीन लिया गया. उस दिन के बाद से पिछले 24 लंबे सालों तक, मैं न्याय के लिए लड़ती रही हूं, अपने लिए और हर जगह की महिलाओं के लिए, बार-बार, लगातार… इन 24 सालों में मैंने अपने अंदर साहस के ऐसे स्रोत खोजे और पाए, जिनके बारे में मुझे खुद पता नहीं था कि वे मुझमें मौजूद हैं. ऐसा सिर्फ इसलिए हो पाया, क्योंकि मुझे लाखों लोगों का समर्थन और एकजुटता मिली.’

उन्होंने कहा, ‘मैं एक के बाद एक अदालत में गई हूं और हर बार जब मुझे सही साबित किया गया, तो मैं आभारी रही; हर बार न्याय के विचार में मेरा भरोसा फिर से कायम हुआ. मैंने अपने परिवार और दोस्तों के प्यार के सहारे, अपनी बर्बाद हो चुकी ज़िंदगी को फिर से खड़ा किया है. मैंने शांति की चाह रखी है. मैंने मुस्कुराना सीख लिया है.’


मैं एक बार फिर डर गई हूं

बि​लकिस बानो ने कहा, ‘लेकिन आज मुझे लग रहा है कि जिस न्याय को पाने के लिए मैंने इतनी कड़ी लड़ाई लड़ी थी, वह अब मेरे हाथों से फिसलता जा रहा है. पुराने डर फिर से सामने आ रहे हैं. मैं एक बार फिर डर गई हूं, अपने लिए, अपने परिवार के लिए और अपने बच्चों के लिए. और मुझे इस बात का भी डर है कि कहीं न्याय से मेरा भरोसा फिर से न उठ जाए. आखिर माननीय सुप्रीम कोर्ट उन लोगों की सज़ा को कैसे निलंबित कर सकता है, जिन्होंने मेरे साथ ऐसा किया? और उन्होंने मुझे इसकी सूचना तक क्यों नहीं दी? वे यह भी सुनिश्चित कैसे नहीं कर सके कि उनकी अदालत में मेरी आवाज़ सुनी जाए?’


आदेश के खिलाफ लड़ूंगी

उन्होंने कहा, ‘मैं इस आदेश के खिलाफ लड़ूंगी. मुझे ऐसा करना ही होगा. मैं यह अपने बच्चों के लिए कर रही हूं, जो अपनी बाकी की जिंदगी डर और जख्मों के साये में जीने के हकदार नहीं हैं…’

उन्होंने कहा, ‘मैं यह हर जगह की महिलाओं के लिए कर रही हूं, क्योंकि किसी भी महिला, किसी भी सर्वाइवर या किसी भी नागरिक को अपनी पहचान और बराबरी साबित करने की इस कभी न खत्म होने वाली परीक्षा से नहीं गुजरना चाहिए और न ही उसे अपनी पूरी जिंदगी न्याय पाने के लिए लड़ने के लिए मजबूर होना चाहिए.’


सज़ा पर रोक

मालूम हो​​​ कि सुप्रीम कोर्ट ने बीते 16 नवंबर को 2002 के गुजरात दंगों से जुड़े बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दे दी. यह फैसला देते हुए अदालत ने यह ध्यान में रखा कि वे 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं और उनमें से एक व्यक्ति ‘गंभीर रूप से विकलांग’ है.

गुजरात की जेल में बंद बिपिनचंद कन्हैयालाल जोशी और प्रदीप रमनलाल मोधिया, इस मामले में दोषी ठहराए गए 11 लोगों में शामिल थे, जिन्हें जमानत मिली है.

दोनों ने विशेष अनुमति याचिका दायर की थी. इसमें उन्होंने 4 मई 2017 को बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा दिए गए उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें 2008 में ट्रायल कोर्ट द्वारा उन्हें सुनाई गई सजा और दोषसिद्धि को बरकरार रखा गया था.


सामूहिक बलात्कार और हत्या

2002 के गुजरात दंगों के दौरान पांच महीने की गर्भवती बिलकिस बानो के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था. सांप्रदायिक दंगों के दौरान उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें उनकी तीन साल की बेटी भी शामिल थी.

यह फैसला उस घटना के दो साल से भी अधिक समय बाद आया है, जब सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार द्वारा इन दो दोषियों (और नौ अन्य लोगों) को दी गई सजा में छूट को रद्द कर दिया था और उन्हें आत्मसमर्पण करके वापस जेल जाने का निर्देश दिया था.


आदेश में क्या कहा

बीते 28 अक्टूबर को दिए गए अपने आदेश में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा था, ‘दोनों पक्षों को सुनने के बाद, इतना कहना ही काफी है कि अपीलकर्ता 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं और यह भी सच है कि उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है. निश्चित रूप से इस अपील में तथ्यों और कानून, दोनों से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं जिन पर फैसला लिया जाना है.’

फैसले में आगे कहा गया, ‘उपरोक्त बातों और इस अपील से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखते हुए हम सजा पर रोक लगाते हैं और अपीलकर्ताओं को जमानत देते हैं. यह जमानत संबंधित ट्रायल कोर्ट द्वारा तय की गईं शर्तों के अधीन होगी.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *