तेलंगाना में 8 दलित परिवारों से कथित तौर पर बंधुआ मजदूरी कराने का मामला सामने आया है. आंध्र प्रदेश के ये परिवार 2012 में सीमेंट के छल्ले बनाने वाली फैक्टरी में काम करने के लिए तेलंगाना के हनमकोंडा आए थे.
अपना खर्च चलाने के लिए उन्होंने उस फैक्टरी के मालिक से 30,000 से 80,000 रुपये तक उधार लिए थे. जब वे यह रकम और उस पर बढ़ता हुआ ब्याज नहीं चुका पाए, तो आरोप है कि उन्हें फैक्टरी परिसर में ही कैद कर लिया गया. उनसे रोज़ाना 12 घंटे काम करवाया जाने लगा, जिसके बदले उन्हें हफ्ते के 600 रुपये दिए जाते थे.
आज़ाद कराए गए मजदूर
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 26 नवंबर को को फैक्टरी परिसर में छापा मारा गया और बंधुआ मजदूरों को आज़ाद कराया गया, जिन्हें 14 साल पहले बंधक बनाया गया था.
छापे का नेतृत्व करने वाले हनमकोंडा जिले के कमालपुर पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर पी. नवीन ने बताया, ‘हमने 10 बच्चों समेत 26 लोगों को बचाया है. उनके लिए यह किसी नर्क से कम नहीं था. इनमें दलित समुदाय के 8 परिवार शामिल हैं, जिन्हें कमालपुर की एक फैक्टरी में अमानवीय परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर किया गया था और बकाया कर्ज के नाम पर कैद करके रखा गया था. फैक्टरी मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है.’
बंधक बनाकर कराई मज़दूरी
मंडल राजस्व अधिकारी (MRO) सुरेश कुमार ने बताया कि साल 2011-12 में एआर शिवा नाम का एक व्यक्ति आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के कावली से हनमकोंडा आया और वहां ये फैक्टरी शुरू की.
उन्होंने कहा, ‘चूंकि उसे सस्ते मजदूरों की जरूरत थी, इसलिए उसने अपने गृह क्षेत्र कावली में 8 दलित परिवारों से संपर्क किया और उन्हें काम करने के लिए यहां ले आया. इन परिवारों ने अलग-अलग कारणों से, जिनमें अपने गृह स्थान पर जाना भी शामिल था, उससे पैसे उधार ले लिए.’
कुमार ने आगे बताया, ‘लेकिन जब वे वापस लौटे, तो मालिक ने उनसे कहा कि उन्हें अपना कर्ज चुकाने के लिए काम करना होगा. वह हर साल ब्याज की रकम बढ़ा देता था और उनसे कहता रहता था कि उनका कर्ज अभी पूरी तरह नहीं चुका है. वह हर व्यक्ति को हफ्ते के सिर्फ 600 रुपये देता था और उनसे पूरे साल काम करवाता था.’
फैक्टरी में ही 2 बच्चों का जन्म
उन्होंने बताया, ‘दो आदमी तो किसी तरह वहां से भाग निकले, लेकिन 9 आदमी और 7 औरतें वहीं कैद रहे. इस दौरान फैक्टरी परिसर में ही दो बच्चों का जन्म भी हुआ.
इनके अलावा अधिकारियों को वहां आठ और बच्चे काम करते हुए मिले. कुमार ने कहा, ‘हम उनकी पहचान पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे कहां से आए हैं.’
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी एक गैर सरकारी संगठन NGO से मिली, जो बंधुआ मजदूरी से बचाए गए लोगों के साथ काम करता है, उसके बाद अधिकारियों ने फैक्टरी पर छापेमारी की कार्रवाई की.
कर्ज का जाल
हनमकोंडा के जिला कलेक्टर चाहत बाजपेयी ने पुलिस, राजस्व, श्रम और बाल कल्याण विभाग के अधिकारियों की एक टीम बनाई. 26 नवंबर की शाम को इस टीम ने दो जगहों पर छापेमारी की, जहाँ ईंटें और छल्ले (रिंग) बनाए जाते हैं. इन छल्लों का इस्तेमाल मैनहोल को ढकने के लिए किया जाता है.
एक श्रम अधिकारी ने बताया, ‘बचाए गए मजदूरों ने हमें कई सालों तक चले शोषण की परेशान करने वाली कहानियां सुनाईं, जिसमें वे कर्ज के जाल में फंस गए थे. मालिक उनसे कहता रहता था कि या तो ब्याज बकाया है या फिर लिए गए मूल एडवांस का कुछ हिस्सा अभी भी चुकाना बाकी है.’
डराया धमकाया जाता था
पीड़ित मजदूरों में से एक मल्लेश ने कहा, ‘हम एक ऐसा कर्ज चुका रहे थे, जिसका कोई अंत ही नहीं था. हमने परिवार के खर्चों, घर में शादियों और कावली में लिए गए पुराने कर्जों को चुकाने के लिए पैसे उधार लिए थे. मालिक हमें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था और महिलाओं के साथ भी बदसलूकी करता था.’
उन्होंने कहा, ‘हमारे गृह-स्थान पर रहने वाले रिश्तेदारों को भी डराया-धमकाया गया. अगर हम विरोध करते, तो मालिक हमें राशन नहीं देता था. वह हफ्ते के आखिर में हमें चावल खरीदने के लिए बस थोड़े से पैसे देता था.’
आर्थिक मदद की गई
मंडल राजस्व अधिकारी (MRO) सुरेश कुमार ने बताया कि बचाए गए लोगों को एक जगह ठहराया गया है और उन्होंने स्थानीय अदालत में भी संपर्क किया है. उन्हें उनके गृह नगर कावली वापस भेजा जा रहा है.
उन्होंने कहा, हनमकोंडा कलेक्टर ने हर पीड़ित को पुनर्वास के लिए 20,000 से 30,000 रुपये की राशि जारी की है. हमने फैक्टरी से हिसाब-किताब की किताबें ले ली हैं और मालिक से कहा है कि वह हर मजदूर का 10,000 रुपये तक का बकाया वेतन चुकाए.’
फैक्टरी मालिक के खिलाफ केस
उन्होंने कहा, ‘हमने एक मिनी बस का इंतजाम किया है और बचाए गए लोगों को उनकी इच्छा के अनुसार कावली भेजा जा रहा है. हनमकोंडा कलेक्टर, नेल्लोर कलेक्टर के साथ मिलकर काम कर रही हैं. उनसे अनुरोध किया गया है कि जब तक मजदूरों को कोई काम नहीं मिल जाता, तब तक उनकी आर्थिक मदद की जाए.’
अधिकारियों ने ‘बंधुआ मजदूरी प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम’ और बाल श्रम कानूनों के तहत फैक्टरी के मालिक के खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और जरूरी औपचारिकताओं के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा.




