Global Passport Ranking: 10 पायदान की छलांग के बावजूद भारत ने 2026 में दो देशों में Visa-Free एंट्री खो दी

(प्रतीकात्मक फोटो साभार: Pixabay)

SHARE:

समाचार सुनो

भारत साल 2026 में Henley Passport Index में 10 पायदान ऊपर आ गया है, हालांकि पिछले साल की तरह भारतीय पासपोर्ट धारक अब वीज़ा के बिना कम देशों में जा सकेंगे.

भारत 2025 में 85वें स्थान से बढ़कर 2026 में 75वें स्थान पर आ गया है. हालांकि, पहले से वीज़ा लिए बिना भारतीय जिन जगहों पर जा सकते हैं, उनकी संख्या 2025 में 57 से घटकर 56 हो गई है.

Henley Passport Index से पता चलता है कि दूसरे देशों के मुकाबले भारत की वैश्विक गतिशीलता की स्थिति (Global Mobility Position) बेहतर हुई है, लेकिन ईरान (Iran) और बोलीविया (Bolivia) की वीज़ा नीतियों में बदलाव से भारतीय यात्रियों को वीज़ा-फ्री एक्सेस (Visa-Free Access) देने वाले देशों की कुल संख्या कम हो गई है.

रैंक सुधरी

द इकोनॉमि​क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2026 में भारत 55 देशों तक एक्सेस के साथ 80वें स्थान पर था. फरवरी 2026 तक रैंक सुधरकर 75वें स्थान पर आ गई और एक्सेसिबल डेस्टिनेशन (देश) की संख्या बढ़कर 56 हो गई. जनवरी से इस बढ़ोतरी के बावजूद कुल संख्या 2025 में दर्ज 57 देशों से कम हो गई है.

Henley & Partners की ओर से प्रकाशित किया गया Henley Passport Index, 227 देशों में से 199 देशों के पासपोर्ट को रैंक करता है.

यह अंतर्राष्ट्रीय वायु परिवहन संघ के आंकड़ों का इस्तेमाल करता है. इंडेक्स उन देशों को गिनता है, जो वीज़ा-फ्री एंट्री, वीज़ा ऑन अराइवल या कुछ इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइज़ेशन की अनुमति देते हैं.

अगर यात्री को पहले से वीज़ा के लिए अप्लाई करना पड़ता है और देश छोड़ने से पहले अनुमति लेनी पड़ती है, तो वह इस इंडेक्स की वीज़ा-फ्री कैटेगरी में क्वालिफ़ाई नहीं करता है.


ईरान ने क्यों उठाया कदम

साल 2025 में भारतीय पासपोर्ट धारकों को इसके तहत 57 देशों में जाने की अनुम​ति थी. हालांकि ईरान और बोलीविया के वीज़ा नियमों के बदलने के बाद यह संख्या अब कम हो गई.

ईरान ने नवंबर 2025 में आम भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीज़ा-फ्री एंट्री (Visa ) निलंबित कर दी थी. यह फैसला भारतीय नागरिकों से जुड़े धोखाधड़ी और ट्रैफिकिंग के रिपोर्ट किए गए मामलों के बाद लिया गया था.

ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, ‘आम भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए उपलब्ध वीज़ा छूट की सुविधा का फायदा उठाकर लोगों को ईरान की यात्रा करने के लिए धोखा दिया गया था. ईरान पहुंचने पर उनमें से कई को फिरौती के लिए किडनैप कर लिया गया.’

मंत्रालय ने आगे कहा कि सरकार ने ईरान जाने वाले आम भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीज़ा छूट सुविधा निलंबित कर दी है. नवंबर 2025 के आखिर से भारतीय यात्रियों को जाने से पहले वीज़ा लेना होगा और ईरान अब इंडेक्स में नहीं गिना जाएगा.


बोलीविया ने भी नीति बदली

ईरान की तरह ही बोलीविया ने भी अपनी नीति बदल दी है. 2025 में भारतीय नागरिक इस देश में आने पर वीज़ा visa on arrival ले सकते थे. हालांकि 2026 में बोलीविया ने भारतीय यात्रियों को ई-वीज़ा सिस्टम में डाल दिया, जिसके लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन, डॉक्यूमेंट अपलोड और पहले से मंज़ूरी की ज़रूरत होती है.

अब चूंकि इंडेक्स में उन जगहों को शामिल नहीं किया गया है, जिनके लिए पहले से मंज़ूरी की ज़रूरत होती है, इसलिए बोलीविया अब भारत की वीज़ा-फ्री लिस्ट में शामिल नहीं है.

जनवरी 2026 के इंडेक्स में ईरान और बोलीविया को हटाने के बाद देशों की संख्या घटकर 55 हो गई. फरवरी 2026 में गाम्बिया को इस सूची में जोड़ा गया, जिससे कुल संख्या 56 हो गई. इस बढ़ोतरी से पहले के नुकसान की कुछ हद तक भरपाई हुई, लेकिन यह 2025 के आंकड़े के बराबर नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *