पिछले 5 साल में लगभग 9 लाख लोगों ने छोड़ दी भारतीय नागरिकता

(प्रतीकात्मक फोटो साभार: फेसबुक)

SHARE:

समाचार सुनो

केंद्रीय विदेश मंत्रालय ने बीते गुरुवार (11 दिसंबर) को संसद में बताया कि बड़ी संख्या में भारतीय अपनी नागरिकता छोड़ रहे हैं और पिछले पांच सालों में लगभग 9 लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है.

यह आंकड़ा विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा में एक लिखित जवाब में दिया. उन्होंने कहा कि सरकार उन लोगों का सालाना रिकॉर्ड रखती है, जो भारतीय नागरिकता छोड़ते हैं. 2011 और 2019 के बीच 11,89,194 भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़ दी. संसद में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले 14 सालों में 20 लाख से ज़्यादा लोगों ने अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ी है.

लगातार हो रही बढ़ोतरी

आंकड़े बताते हैं कि विदेशी नागरिकता चुनने वाले भारतीयों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. हाल के सालों में सालाना सबसे ज़्यादा संख्या दर्ज की गई है. विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा के सामने साल दर साल के भी आंकड़े पेश किए.

सरकारी आंकड़ों से पता चलता है कि साल 2020 में 85,256 लोगों, 2021 में 1,63,370 लोगों, 2022 में 2,25,620 लोगों, 2023 में 2,16,219 लोगों और साल 2024 में 2,06,378 लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी थी.

साल दर साल के आंकड़े

आंकड़ों के अनुसार, 2011 से 2019 तक 11,89,194 भारतीयों ने अपनी नागरिकता छोड़ दी. साल दर साल के आंकड़ों को देखा जाए तो साल 2011 में 1,22,819 लोगों, 2012 में 1,20,923 लोगों, 2013 में 1,31,405 लोगों, 2014 में 1,29,328 लोगों, 2015 में 1,31,489 लोगों, 2016 में 1,41,603 लोगों, 2017 में 1,33,049 लोगों, 2018 में 1,34,561 लोगों और साल 2019 में 1,44,017 लोगों ने भारत की नागरिकता छोड़ दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *