तेलंगाना औषधि नियंत्रण प्रशासन ने शनिवार (10 जनवरी) को एक एडवाइज़री जारी कर बच्चों में एलर्जी, तेज़ बुखार और अस्थमा के इलाज के लिए आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले अलमोंट-किड सीरप (Almont-Kid Syrup) का इस्तेमाल तुरंत बंद करने को कहा है. यह कदम उन आरोपों के बाद लगाया गया, जिसमें कहा गया है कि इस सीरप में एथिलीन ग्लाइकॉल (Ethylene Glycol/EG) मिलावट पाई गई है, जो एक बहुत ही ज़हरीला पदार्थ है.
एडवाइज़री में कहा गया है कि उसे केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO), ईस्ट ज़ोन, कोलकाता से एक अलर्ट मिला है, जिसमें एक लैब रिपोर्ट के बारे में बताया गया है और सीरप (Levocetirizine Dihydrochloride और Montelukast Sodium सीरप) को मिलावटी घोषित किया गया है.
तुरंत बंद करें इस्तेमाल
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, तेलंगाना औषधि नियंत्रण प्रशासन ने कहा, ‘ऊपर बताई गईं बातों को ध्यान में रखते हुए जनता को सलाह दी जाती है कि अगर उनके पास यह सीरप है, तो इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और बिना किसी देरी के इसकी जानकारी नज़दीकी औषधि नियंत्रण प्राधिकरण को दें.’
पूरे राज्य में सभी दवा निरीक्षकों और सहायक निदेशकों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत खुदरा विक्रेताओं, होलसेल विक्रेताओं, वितरकों और अस्पतालों को अलर्ट करें कि वे प्रभावित बैच के किसी भी उपलब्ध स्टॉक को फ्रीज कर दें और यह सुनिश्चित करें कि इसे किसी भी हालत में न तो बांटा जाए और न ही बेचा जाए.
स्थिति पर नज़र
तेलंगाना औषधि नियंत्रण प्रशासन ने कहा कि उसने ज़रूरी कार्रवाई शुरू कर दी है और लोगों की सेहत को होने वाले और खतरों को रोकने के लिए स्थिति पर नज़र रखी जा रही है. लोगों से बहुत ज़्यादा सावधानी बरतने और एथिलीन ग्लाइकॉल विषाक्तता से होने वाले संभावित स्वास्थ्य खतरों से बचने के लिए इस उत्पाद का इस्तेमाल न करने की अपील की गई है.
इसमें यह भी कहा गया है कि जनता इस उत्पाद के बारे में सीधे तेलंगाना औषधि नियंत्रण प्रशासन को टोल-फ्री नंबर के ज़रिये भी बता सकती है. एडवाइज़री में कहा गया है कि यह सीरप (बैच नंबर: AL-24002) बिहार की ट्राइडस रेमेडीज (Tridus Remedies) ने बनाया है.




