Fact Check: सोशल मीडिया पर आए दिन तमाम लोग ऐसे दावे करते हैं, जो शायद सही न हों, लेकिन वे उन्हें सच जैसा दिखाने की कोशिश करते हैं. कभी-कभी ये दावे लोगों में इतना ज़्यादा कन्फ्यूज़न पैदा कर देते हैं कि सरकार को दखल देनी पड़ती है.
हाल-फिलहाल ऐसा ही एक मैसेज सोशल मीडिया पर घूम रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) मार्च 2026 से ऑटोमेटेड टेलर मशीनों (ATM) से 500 रुपये के नोटों की निकासी बंद कर देगा. मैसेज में यह भी कहा गया है कि सरकार मार्च 2026 में 500 रुपये के नोटों का सर्कुलेशन बंद करने की योजना बना रही है.
फैक्ट चेक टीम ने क्या कहा
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह मैसेज वायरल होने के बाद कन्फ्यूज़न दूर करने के लिए पत्र सूचना कार्यालय (PIB) को हस्तक्षेप करना पड़ा. PIB की फैक्ट चेक टीम ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि RBI मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोटों का सर्कुलेशन बंद कर देगा.
इस मामले पर स्पष्टीकरण देते हुए PIB फैक्ट चेक टीम ने कहा कि ऐसे सभी दावे फर्जी हैं और RBI ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है. PIB फैक्ट चेक टीम ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि 500 रुपये के करेंसी नोट अभी भी लीगल टेंडर हैं और लोग इसे कैश ट्रांजैक्शन के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं.
RBI to stop ₹500 notes from ATMs by March 2026❓🤔
Some social media posts claim that the Reserve Bank of India will discontinue the circulation of ₹500 notes by March 2026.#PIBFactCheck:
❌This claim is #fake!
✅ @RBI has made NO such announcement.
✅ ₹500 notes have… pic.twitter.com/F0Y3t0wHSf
— PIB Fact Check (@PIBFactCheck) January 2, 2026
आधिकारिक स्रोत से सत्यापित करें
फैक्ट चेक टीम ने लोगों से सावधान रहने और ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करने की भी अपील की है. टीम ने एक्स पर किए गए एक पोस्ट में कहा, ‘ऐसी गलत जानकारी के झांसे में न आएं. किसी भी खबर पर विश्वास करने या उसे शेयर करने से पहले हमेशा उसे आधिकारिक स्रोत से सत्यापित करें.’
रिपोर्ट के अनुसार, यह पहली बार नहीं है कि सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें फैलाई जा रही हैं. सरकार को अक्सर ऐसे झूठे दावों का पर्दाफ़ाश करने के लिए दखल देना पड़ता है.
दावे का पर्दाफ़ाश
जून 2025 में भी फैक्ट चेक टीम ने ऐसे ही एक दावे का पर्दाफ़ाश किया था, जिसमें सोशल मीडिया पर वायरल एक यूट्यूब क्लिप में एक एंकर दावा कर रहा था कि मार्च 2026 में 500 रुपये के नोट बंद कर दिए जाएंगे.
अगस्त 2025 में भी वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राज्यसभा में बताया था कि सरकार के पास 500 रुपये के नोट की सप्लाई रोकने का कोई प्रस्ताव नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि ATM से 100 रुपये और 200 रुपये के नोटों के साथ-साथ 500 रुपये के नोट भी मिलते रहेंगे.




